मकान का लेंटर गिरने से एक ही परिवार के छह बच्चों समेत 15 लोग मलबे में दब

NCG NEWS DESK बुलंदशहर : नरसेना थाना क्षेत्र मवई में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिर गया है, जिससे एक ही परिवार के छह बच्चों समेत 15 लोग मलबे में दब गए। इस हादसे में दंपती और उनके दो बेटों की मौत हो गई, जबकि 11 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डीएम ने मरने वाले लोगों के परिजनों को चार- चार लाख रुपये की आर्थिक मदद करने और मकान की मरम्मत करने की बात कहीं है।
जानकारी के अनुसार नरसेना थाना क्षेत्र के गांव मवई निवासी राजपाल पुत्र हरचरण सिंह का मकान बन रहा था। मकान की पहली मंजिल पर पुराना लेंटर डाला हुआ था और दूसरी मंजिल का निर्माण किया जा रहा था। मंगलवार शाम को दूसरी मंजिल के तीन कमरों के ऊपर लेंटर डाला गया था। देर रात लेंटर डालने के बाद परिवार के 15 लोग मकान के ग्राउंड फ्लोर पर चारपाई डालकर सो गए। बुधवार सुबह करीब तीन बजे दूसरी मंजिल पर डाला गया लेंटर पहली मंजिल की छत पर गिर गया। जिससे पहली मंजिल का लेंटर भी गिर गया और सो रहा परिवार मलबे के नीचे दब गया।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम अरविंद कुमार सिंह, सीओ भास्कर कुमार मिश्रा और आसपास के इलाके की रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंची और परिवार के सभी लोगों को बाहर निकाला। मलबे में दबने से राजपाल और उसकी पत्नी सुनीता, पुत्र धर्मेंद्र व कुलदीप की मौत हो गई।



















