सरकार को सवा दो करोड़ रुपयों का चूना लगाने वाला तहसीलदार पहुंचा जेल

सरकार को सवा दो करोड़ रुपयों का चूना लगाने वाला तहसीलदार पहुंचा जेल
दौलताबाद की औद्योगिक भूमि को कागजों में बना दिया था कृषि योग्य भूमि, जमीन मालिक को भी किया एंटी करप्शन ब्यूरो ने किया गिरफ्तार
NCG News desk :-
गुरुग्राम। भूमि उपयोग बदलकर सरकार को सवा दो करोड़ रुपए से ज्यादा का चूना लगाने वाले तहसीलदार दर्पण सिंह कंबोज समेत दो अन्य को एंटी करप्शन ब्यूरो ने गिरफ्तार कर लिया है। तहसीलदार ने वसीका रजिस्टर्ड करने के दौरान ग्राम दौलताबाद की औद्योगिक भूमि को कृषि भूमि में परिवर्तित कर दिया था। रविवार दोपहर को एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) के अधिकारियों ने तहसीलदार को पूछताछ के लिए कार्यालय बुलाया था जहां जांच के दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की टीम ने जमीन के मालिक हरीश कुमार को भी गिरफ्तार किया है।
एंटी करप्शन ब्यूरो के प्रवक्ता जितेंद्र कुमार ने बताया कि वर्तमान में तहसीलदार गुरुग्राम में तैनात थे। जनवरी 2022 में तहसीलदार ने यह वसीका तैयार किया था जिससे मौजूदा सरकार को 2 करोड़ 27 लाख 93 हजार 92 रुपए का नुकसान हुआ था। एसीबी को जब इसकी शिकायत मिली तो इसकी जांच पड़ताल शुरू कर दी। जांच के दौरान तहसीलदार को अपना पक्ष रखने के लिए एसीबी कार्यालय बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान उन पर लगे आरोप साबित होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को शुक्रवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।



















