NCG NEWS DESK Bilaspur :-
शहर में धार्मिक आयोजन के दौरान मनचलों की खूब धुनाई हुई। अब इस धुनाई का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। घटना महाशिवरात्रि के दिन की है जब कोतवाली थाना क्षेत्र के गोल बाजार में शोभायात्रा निकाली गई थी।
दरअसल, महाशिवरात्रि पर रेलवे क्षेत्र में महाकाल सेना और इसके संस्थापक तामेश कश्यप की ओर से 3 दिनों तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किया गया। लेकिन आयोजन के अंतिम दिन 10 मार्च रविवार को महाकाल सेना ने शहर में रैली निकाली गई। जिसमें महाराष्ट्र के पुणे से 50 युवतियों वाली ढोल टीम को बुलाया गया। इस समूह में लड़कियों के साथ लड़के भी शामिल थे। यह शोभायात्रा जब गोल बाजार क्षेत्र पहुंची तो इसी दौरान हंगामा मच गया।
जानकारी के मुताबिक शोभायात्रा में परफॉर्म करने के दौरान समूह की लड़कियों के साथ कुछ आवारा लड़कों ने छेड़खानी कर दी। बस फिर क्या था इतने में महाराष्ट्र के लड़के-लड़कियों ने उन्हें ढोलक की तरह बजाना शुरू कर दिया। आदतन छेड़खानी करने और फिर हर बार बच निकलने के आदि इन मनचलों का पाला इस बार बाहर के लोगों से पड़ गया था। बैंड में शामिल युवतियों और उनके साथी पुरुषों ने स्थानीय युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर खूब पीटा। इस घटना से पूरे इलाके में हंगामा मच गया। आलम ये था कि कुछ लोगों ने दया खाकर मार खा रहे मनचलों को छुड़ाने का भी प्रयास किया, लेकिन टीम के लड़के-लड़कियों ने उन्हें नहीं छोड़ा।
इस मारपीट का कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया जो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। शोभायात्रा के साथ पुलिस भी थी, जिन्होंने बड़ी मुश्किल से पिट रहे युवकों को महाराष्ट्र के ढोल बजाने वालों से बचाया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अब तक उन्हें प्रार्थी पक्ष की कोई शिकायत नहीं मिली है, इस कारण से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
ये भी पढ़े :-