
NCG NEWS DESK NEWS DELHI :-
लोकसभा में कांग्रेस सांसदों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। कांग्रेस के पांच लोकसभा सांसद- टीएन प्रतापन, हिबी ईडन, एस. जोथिमणि, राम्या हरिदास और डीन कुरियाकोस को “अपमानजनक व्यवहार” के लिए शीतकालीन सत्र के शेष भाग के लिए लोकसभा से निलंबित कर दिया गया। सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के लिए स्पीकर द्वारा नामित किए जाने के बाद लोकसभा ने गुरुवार को 5 कांग्रेस सांसदों को निलंबित करने का प्रस्ताव पारित किया।
विपक्षी दलों ने 13 दिंसबर को लोकसभा की सुरक्षा में हुई सेंध की घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से स्पष्टीकरण की मांग की है। इससे पहले राज्यसभा में हो रहे हंगामे के बीच TMC सांसद डेरेक ओ’ब्रायन को ‘अपमानजनक कदाचार’ के लिए शीतकालीन सत्र के लिए निलंबित किया गया था।
संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने लोकसभा में कहा कि हम सब सहमत हैं कि कल की दुर्भाग्यपूर्ण घटना लोकसभा सदस्यों की सुरक्षा में गंभीर चूक थी और इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष के निर्देश पर उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है। इस मुद्दे पर किसी भी सदस्य से राजनीति की अपेक्षा नहीं की जाती, हमें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करना होगा।
जोशी ने लोकसभा में विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच कहा कि संसद में सुरक्षा में चूक की इस तरह की घटनाएं पहले भी होती रही हैं और उस समय के लोकसभा अध्यक्षों के निर्देशानुसार कार्यवाही चलाई जाती रही है। लोकसभा अध्यक्ष ने कल की घटना के बाद तत्काल सभी दलों के नेताओं की बैठक बुलाई और सुरक्षा पुख्ता करने के लिए कुछ उपाय लागू कर दिये हैं, वहीं भविष्य में भी कुछ कदम उठाये जाएंगे।
ये भी पढ़े :-



















