राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय के छठवें दीक्षांत समारोह में हुए शामिल
- विद्यार्थियों को मिला स्वर्ण पदक एवं उपाधियां आपकी उपलब्धियां,कठिन परिश्रम,समर्पण, शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण : राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन
- शिक्षा का मूल उद्देश्य ‘‘सर्वे भवंतु सुखिन‘‘ के ध्येय वाक्य के साथ एक दूसरे की मदद करना : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
बिलासपुरl पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय के छठवें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिरकत की। इस समारोह में विभिन्न सत्रों की परीक्षाओं में सफल छात्रों को स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और पात्रोपधि की उपाधियां एवं स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। श्री राम प्रताप सिंह और सुश्री सुरभा देश पांडे को विद्या वाचस्पति की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने पीएचडी छात्रों को उपाधियां प्रदान की और इस उपाधि की गरिमा बनाए रखने का संदेश दिया। अतिथियों ने छात्रों को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल श्री हरिचंदन ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में छात्रों और उनके परिवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां आपके कठिन परिश्रम, समर्पण और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण हैं। उन्होंने पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय की स्थापना के उद्देश्यों की प्रशंसा की और विश्वविद्यालय को नैक द्वारा ‘ए’ प्लस ग्रेड मिलने पर बधाई दी।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना के तहत यह विश्वविद्यालय जनजाति क्षेत्रों और कोविड-19 से प्रभावित लोगों को शिक्षा के अवसर प्रदान कर रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भी छात्रों को बधाई दी और विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय दूरस्थ क्षेत्रों में उच्च शिक्षा से वंचित लोगों के लिए शिक्षा के अवसर प्रदान कर रहा है और अपने ध्येय वाक्य “उच्च शिक्षा आपके द्वार” को साकार कर रहा है।
साय ने कहा कि शिक्षा का मूल उद्देश्य ‘सर्वे भवंतु सुखिनः’ के साथ एक दूसरे की मदद करना है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत युवाओं के सर्वांगीण विकास की बात की और बताया कि विश्वविद्यालय को यूजीसी की सूची में शामिल किया गया है जो संयुक्त अथवा दोहरी डिग्री दे सकता है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ी पाठ्यक्रम की शुरुआत की सराहना की और प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में शामिल होने की अपील की। उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव और केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने भी समारोह को संबोधित किया और छात्रों को बधाई दी। कुलपति श्री बंशगोपाल सिंह ने विश्वविद्यालय के निरंतर प्रयासों की चर्चा की। इस अवसर पर बिलासपुर और अन्य क्षेत्रों के विधायक, विश्वविद्यालय के सदस्य और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
ये भी पढ़े:-
- बच्चों के भविष्य निर्माण में अभिभावकों की भूमिका महत्वपूर्ण: रामविचार नेताम
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हेलीपैड पर स्वागत..पंडित सुंदरलाल शर्मा ओपन विश्वविद्यालय के छठे दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
- UGC का 63 यूनिवर्सिटीज पर बड़ा एक्शन… नियमों का पालन न करने के चलते इन यूनिवर्सिटीज को किया डिफॉल्टर, इससे क्या असर होगा छात्रों पर?