कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस के बावजूद अस्पताल मांगे एडवांस, तो क्या करें?

कैशलेस पॉलिसी होने पर भी अस्पताल एडवांस मांग सकता है। जानें पैसे मांगने की वजह, रसीद, रिफंड के नियम और IRDAI में शिकायत करने का तरीका।
कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस होने के बाद भी अस्पताल भर्ती के समय एडवांस मांग सकता है। कई बार यह रकम 25 हजार रुपये या उससे ज्यादा हो जाती है। ऐसे में मरीज के परिजन उलझन में पड़ जाते हैं कि जब पॉलिसी कैशलेस है, तो पैसे क्यों देने पड़ रहे हैं।

हर मामले में अस्पताल की मांग गलत नहीं होती। लेकिन पैसे जमा करने से पहले यह जानना जरूरी है कि रकम किस खर्च के लिए ली जा रही है। इसका लिखित हिसाब मांगें। बीमा कंपनी की मंजूरी में देरी हो या मंजूर खर्च के लिए भी पैसे मांगे जाएं, तो शिकायत का रास्ता मौजूद है।
अस्पताल पैसे क्यों मांगता है?
कैशलेस का मतलब यह नहीं कि पूरे इलाज का खर्च बीमा कंपनी देगी। कुछ खर्च मरीज को खुद उठाने पड़ सकते हैं:

- पॉलिसी में शामिल न होने वाली चीजें, जैसे नॉन-पेएबल आइटम
- पॉलिसी की सीमा से महंगा कमरा लेने पर अतिरिक्त खर्च
- बिल में मरीज की अपनी हिस्सेदारी, जैसे को-पेमेंट
इसलिए एडवांस देने से पहले अस्पताल से लिखित में पूछें कि यह रकम किस मद के लिए है।
क्या कैशलेस क्लेम की मंजूरी मिल गई?
इलाज शुरू होने से पहले अस्पताल बीमा कंपनी से प्री-ऑथराइजेशन यानी शुरुआती मंजूरी मांगता है। जब तक यह नहीं मिलती, कई अस्पताल एडवांस की मांग करते हैं।
क्या कहते हैं नियम?
- IRDAI के नियमों के मुताबिक, बीमा कंपनी को कैशलेस अनुरोध पर एक घंटे के भीतर फैसला देना होता है।
- संसद में रखे गए आंकड़ों के अनुसार, 1 अगस्त 2024 से 31 मई 2025 के बीच करीब 63.7 लाख प्री-ऑथराइजेशन अनुरोध आए।
- इनमें से लगभग 55.35 लाख (करीब 86.88%) एक घंटे में निपटे।
- यानी करीब 8.36 लाख अनुरोधों में तय समय सीमा पूरी नहीं हुई।
अगर मंजूरी अटकी हो, तो अस्पताल के इंश्योरेंस डेस्क और बीमा कंपनी, दोनों से क्लेम की स्थिति पूछें।
क्या अस्पताल आपके बीमा नेटवर्क में है?
जहां पहले कैशलेस इलाज मिला हो, जरूरी नहीं कि वहां आज भी मिले। अस्पताल और बीमा कंपनी के बीच करार बदल सकता है। भर्ती से पहले बीमा कंपनी की वेबसाइट पर नेटवर्क अस्पतालों की ताजा सूची जरूर देख लें।
एडवांस देना ही पड़े तो क्या सावधानी रखें?
इमरजेंसी में इलाज शुरू करने में देरी न करें। लेकिन पैसे जमा करने पड़ें तो ये बातें याद रखें:
- पक्की रसीद जरूर लें।
- सभी बिल, दवाओं की पर्चियां और भुगतान के दस्तावेज संभालकर रखें।
- डिस्चार्ज के समय बची हुई रकम या तो वापस मिलनी चाहिए या अंतिम बिल में समायोजित होनी चाहिए।
- पॉलिसी में शामिल खर्च के लिए रीइम्बर्समेंट क्लेम भी किया जा सकता है।
अस्पताल मंजूर खर्च के लिए भी पैसे मांगे तो शिकायत कहां करें?
इन चरणों को क्रम से अपनाएं:
- बीमा कंपनी: शिकायत अधिकारी को लिखित शिकायत दें। कंपनी को लगभग दो हफ्ते में समाधान देना होता है।
- IRDAI: समाधान न मिले तो बीमा भरोसा पोर्टल पर शिकायत करें या 155255 पर कॉल करें।
- इंश्योरेंस ओम्बड्समैन: इसके बाद मामला ओम्बड्समैन के पास ले जाया जा सकता है।
डिस्चार्ज में देरी हुई तो कौन भरेगा खर्च?
डिस्चार्ज के समय अस्पताल बीमा कंपनी से अंतिम मंजूरी मांगता है। नियम के मुताबिक कंपनी को यह मंजूरी तीन घंटे में देनी होती है। देरी से बढ़ने वाला अतिरिक्त अस्पताल खर्च कंपनी को उठाना होगा। संसद में रखे आंकड़ों के अनुसार, उसी अवधि में करीब 96.69% अंतिम मंजूरियां तीन घंटे के भीतर हुईं।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
क्या मेरा डिपॉजिट वापस मिलेगा?
हां। जो रकम नॉन-पेएबल आइटम या बिल में आपके हिस्से पर खर्च नहीं हुई, उसे डिस्चार्ज के समय रिफंड या एडजस्ट किया जाना चाहिए। अस्पताल से निकलने से पहले अंतिम बिल को एक-एक लाइन करके जांच लें।
अगर अस्पताल ने पूरा बिल भरवा लिया, तो क्या क्लेम कर सकते हैं?
हां। पॉलिसी में बताई गई समय सीमा के भीतर ओरिजिनल बिल, डिस्चार्ज समरी और भुगतान की रसीदों के साथ रीइम्बर्समेंट क्लेम फाइल करें।
IRDAI में शिकायत कौन कर सकता है?
सिर्फ पॉलिसीधारक या क्लेम करने वाला व्यक्ति। एजेंट या एडवोकेट की ओर से दी गई शिकायत IRDAI स्वीकार नहीं करता।








