NCG NEWS DESK नूंह -नूंह हिंसा के 2 आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। इन दोनों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अरावली की पहाड़ियों में सर्च आपरेशन चलाया हुआ था। इस दाैरान सूचना मिली कि 2 दंगाई राजस्थान के रास्ते तावड़ू से होते हुए नूंह आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें तावड़ू के पहाड़ी में रोकने की कोशिश की। आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। दोनों गिरफ्तार आरोपियों के नाम मुनफेद और सैकुल हैं। आरोपियों से अवैध कट्टा, कारतूस और बाइक बरामद की गई है। पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि दोनों तरफ से 4 से 5 राउंड फायर हुए। एनकाउंटर करीब एक घंटे तक चला।
हिंसा के बाद बीती 6 अगस्त तक पुलिस ने कार्रवाई कर विभिन्न जिलों में 104 एफआईआर दर्ज की हैं और 216 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि 88 और लोगों को हिरासत में लिया गया। इन सभी से पूछताछ हो रही है।वहीं 10 लोगों को सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। जबकि गुरुग्राम जिले में हिंसा को लेकर शुक्रवार तक 27 एफआईआर दर्ज की गई है और 38 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 60 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया है। सूत्रों ने बताया कि भड़काऊ पोस्ट के 2300 वीडियो की जांच चल रही है।