33 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती, लोकसभा चुनाव से पहले आएगा विज्ञापन : शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल

NCG NEWS DESK RAIPUR :-
छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र चल रह है. सत्र के आठवें दिन स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने एक बड़ी घोषणा की. मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने अपने विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश के 25 हजार स्कूलों में अंग्रेजी में पढ़ाई शुरू होगी. यानी 25 हजार स्कूलों को इंग्लिश मीडियम किया जाएगा. इसके लिए 33 हजार शिक्षकों की भर्ती होगी.
लोकसभा चुनावों से पहले प्रदेश में 33 हजार टीचर्स भर्ती
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा “आत्मानंद स्कूल योजना के नाम पर कांग्रेस ने करप्शन किया है. 251 पुराने भवनों में 800 करोड़ रुपये खर्च कर दिए. कांग्रेस ने विद्या को बाजार बनाने की कोशिश की.” इस बीच नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने मंत्री से पूछा कि “इसके लिए भर्ती लोकसभा चुनाव के पहले होगी या बाद में, जिस पर बृजमोहन अग्रवाल ने जवाब दिया ” चुनाव के पहले भर्ती के संबंध में विज्ञापन आ जाएगा.”
सरकारी स्कूल की छात्राओं को मिलेगी साइकिल
बृजमोहन ने सरकारी स्कूलों की छात्राओं को साइकिल दिए जाने की भी घोषणा की. स्कूलों में पहली क्लास योग और अध्यात्म की होगी. सभी स्कूलों में हर शनिवार को एक घंटा खेल का सत्र होगा. स्कूलों में खेल सामग्री गुणवत्ता वाली उपलब्ध कराई जाएगी. इस दौरान पूर्व की कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए अग्रवाल ने कहा कि “कांग्रेस सरकार में स्कूलों में हॉकी की जगह कुटेला दिया जाता था.”
5 शक्ति पीठ परियोजना, राजिम कुंभ कल्प होगा शुरू
मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि “हम पांच शक्ति पीठ की परियोजना लाने वाले हैं. फिर से राजिम कुंभ करवाने वाले हैं. देश में पहली बार हमने राजिम कुंभ कल्प की शुरुआत की लेकिन कांग्रेस सरकार ने आते ही इसे बंद करवा दिया. पांच साल में कितने साधु संत आए? कांग्रेस ने कुंभ की महिमा को समाप्त कर दिया. स्कूल के शिक्षकों के ट्रांसफर में पैसे कमाए, ऐसी पहचान कांग्रेस ने बनाई. हम छत्तीसगढ़ को देश और दुनिया में एक अलग पहचान देना चाहते हैं.”
मानसरोवर जाने वाले यात्रियों को 1 लाख रुपये की सौगात
इसके अलावा भी बृजमोहन अग्रवाल ने सदन में कई बड़ी घोषणाएं की. बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हम कल्चर कनेक्ट योजना लायेंगे. अयोध्या, तिरुपति और पुरी में छत्तीसगढ़ धाम बनाएंगे. मानसरोवर जाने वाले यात्रियों को एक लाख रुपये देंगे. सिंधु दर्शन के लिए 25 हजार देंगे. बस्तर दशहरा में काम करने वाली मांझियों को 2500 रुपये, चालकी को 2 हजार रुपए देंगे. बृजमोहन ने छत्तीसगढ़ में भारत भवन बनाने का भी ऐलान किया.
ये भी पढ़े :-
- किसानों और सुरक्षाबलों की बीच हुए टकराव के चलते शंभू बॉर्डर पर तनाव की स्थिति,तीसरी वार्ता पर टिकी हैं नजर
- नेशनल हाईवे पर ओव्हरलोडेड गाड़ियां खुलेआम सड़कों पर नियमों का उड़ा रही हैं धज्जियां,अंकुश लगाने में परिवहन विभाग नाकाम
- राजीव युवा मितान क्लब होगा भंग, भूपेश सरकार पर लगाए सरकारी खजाने के बंदर बांट का आरोप



















