क्या इमरजेंसी में धोखा दे सकती है आपकी स्मार्ट टेक्नोलॉजी?

आजकल हर घर स्मार्ट लॉक, डिजिटल गेट, ऐप वाली कार और स्मार्ट बटन जैसी सुविधाओं से भरा है। ये चीज़ें रोज़मर्रा की ज़िंदगी को आसान बनाती हैं। लेकिन एक बड़ा सवाल है — जब असली इमरजेंसी आए, तो क्या ये स्मार्ट डिवाइस काम करेंगी?
सोचिए, घर में कोई अचानक बेहोश हो जाए। बाहर मदद के लिए लोग खड़े हों, लेकिन दरवाज़ा खोलने का पासवर्ड सिर्फ उसी व्यक्ति को पता हो। या फिर कार अस्पताल ले जाने के लिए तैयार हो, पर वो सिर्फ मोबाइल ऐप से खुलती हो और फोन की बैटरी खत्म हो चुकी हो। ऐसे हालात में एक-एक मिनट कीमती होता है।

गलत हाथों में पड़ने पर बढ़ सकता है खतरा
- हाल ही में कई शहरों में ब्लूटूथ बैटरी मैनेजमेंट ऐप्स के ज़रिए कुछ लोगों ने बीच सड़क पर ई-रिक्शा रोक दिए, जिससे अफरा-तफरी मच गई
- इसके बाद सरकार ने ऐसे ऐप्स पर सख्त निर्देश जारी किए
- इससे साफ पता चलता है कि सिर्फ रिमोट कंट्रोल पर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है, खासकर जब सिस्टम गलत हाथों में चला जाए या सर्वर बंद हो जाए
किन 5 स्मार्ट डिवाइस में सबसे ज़्यादा जोखिम
- बिना चाबी वाले स्मार्ट लॉक — बैटरी खत्म होने या खराबी आने पर अंदर फंसा व्यक्ति मुश्किल में पड़ सकता है
- मैग्नेटिक और ऑटोमेटेड गेट — बिजली जाने या सर्वर फेल होने पर ये लॉक हो जाते हैं और बाहर से मदद पहुंचना मुश्किल हो जाता है
- ऐप और वाई-फाई से चलने वाला थर्मोस्टैट या एचवीएसी — आग या गैस लीक जैसी इमरजेंसी में बिजली-इंटरनेट जाने पर वेंटिलेशन बंद हो सकता है, जिससे दम घुटने का खतरा बढ़ता है
- ऐप-बेस्ड चाबी वाली डिजिटल कारें — फोन की बैटरी डेड होने या ऐप क्रैश होने पर मेडिकल इमरजेंसी में गाड़ी काम नहीं आती
- वाई-फाई आधारित पैनिक या मेडिकल बटन — बुज़ुर्गों की सुरक्षा के लिए लगे ये बटन राउटर बंद होते ही बेकार हो जाते हैं
एक्सपर्ट की राय
होम सेफ्टी एक्सपर्ट अमित आचार्य के मुताबिक, डिजिटल सेफ्टी डिवाइस पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना चाहिए। हर स्मार्ट डिवाइस के साथ एक फिज़िकल या मैकेनिकल बैकअप जैसे चाबी हमेशा तैयार रखनी चाहिए। जयपुर, दिल्ली और लखनऊ जैसे शहरों में पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं, जहां बिजली कटने पर इलेक्ट्रॉनिक लॉक और गेट काम करना बंद कर गए।
कैसे बचें इस खतरे से
- मैनुअल ऑप्शन रखें — हर स्मार्ट लॉक या गेट में पारंपरिक चाबी या स्विच का विकल्प ज़रूर होना चाहिए
- परिवार के साथ एक्सेस शेयर करें — डिजिटल ताले या गेट का कंट्रोल घर के बाकी सदस्यों के पास भी सुरक्षित रखें
- पावर बैकअप ज़रूर रखें — स्मार्ट लॉक और वाई-फाई राउटर के लिए इन-बिल्ट बैटरी या यूपीएस का इस्तेमाल करें
- सरकारी नियमों की मांग करें — टेक कंपनियों के लिए हर डिवाइस में इमरजेंसी प्रोटोकॉल अनिवार्य होना चाहिए
- पारंपरिक तरीके न छोड़ें — स्मार्ट टेक्नोलॉजी पर 100% भरोसा करने के बजाय हमेशा एक बैकअप प्लान तैयार रखें
स्मार्ट टेक्नोलॉजी ने ज़िंदगी को सुविधाजनक ज़रूर बनाया है, लेकिन इमरजेंसी में यही सुविधा मुसीबत भी बन सकती है। इसलिए हर स्मार्ट डिवाइस के साथ एक भरोसेमंद बैकअप प्लान रखना ज़रूरी है।

Read More:









