मुर्रा बोरियों के नीचे अफीम की तस्करी, महासमुंद पुलिस ने 22 लाख का माल किया जब्त

पिथौरा, महासमुंद: महासमुंद पुलिस ने ओडिशा से आ रही नशीली वस्तुओं की तस्करी पर एक और बड़ी कार्रवाई की है। इस बार मुर्रा बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई अफीम पोस्ट डोडा की 140 प्लास्टिक बोरियां जब्त की गई हैं। इन बोरियों का कुल वजन 2,240 किलोग्राम है और इसकी कीमत 22 लाख 40 हजार रुपए आंकी गई है।
इस कार्रवाई के तहत, 20 अक्टूबर को सिंघोडा थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम को गुप्त सूचना मिली कि महिंद्रा ट्रक (RJ 04 GC 5944) नेशनल हाइवे 53 पर खड़ी है। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने ट्रक में मुर्रा बोरियों के नीचे छिपाकर रखे 16-16 किलोग्राम के 140 प्लास्टिक बोरे पाए। ट्रक में कोई व्यक्ति या चालक नहीं मिला, लेकिन पुलिस ने वाहन की गहन जांच कर नशीले पदार्थों को जब्त कर लिया।
पुलिस ने नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब इस तस्करी के जाल में जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश जारी है। महासमुंद पुलिस की यह कार्रवाई नशीली दवाओं के खिलाफ उनकी मुहिम का हिस्सा है, जो लगातार तस्करी पर सख्त शिकंजा कस रही है। मुर्रा बोरियों के नीचे अफीम की तस्करी, महासमुंद पुलिस ने 22 लाख का माल किया जब्त



















