Raigarh Violence: रायगढ़ के लिबरा में भारी बवाल! उग्र भीड़ ने पुलिस की गाड़ियां फूंकी, SDOP-TI सहित कई जवान घायल

Raigarh Police Mob Attack: Raigarh Violence: रायगढ़ के लिबरा में भारी बवाल! उग्र भीड़ ने पुलिस की गाड़ियां फूंकी, SDOP-TI सहित कई जवान घायल. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से हिंसा की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। तमनार क्षेत्र के ग्राम लिबरा में स्थित सीएचपी चौक शनिवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। कोयला ब्लॉक के विरोध में प्रदर्शन कर रही भीड़ ने पुलिस बल पर अचानक पथराव कर दिया और कई सरकारी वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इस हिंसक झड़प में एसडीओपी (SDOP) और थाना प्रभारी (TI) समेत कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
क्यों भड़की हिंसा? 14 गांवों के ग्रामीण कर रहे थे विरोध
Raigarh Violence: जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद सेक्टर 1 कोल ब्लॉक को लेकर शुरू हुआ। बीते 8 दिसंबर 2025 को भौराभाठा में हुई जनसुनवाई के विरोध में 14 गांवों के प्रभावित ग्रामीण पिछले कई दिनों से धरने पर बैठे थे। 27 दिसंबर की सुबह भीड़ ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। हालांकि, सुबह प्रशासन ने समझाइश देकर भीड़ को रास्ते से हटा दिया था, लेकिन माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
दोपहर 2:30 बजे बेकाबू हुई स्थिति: पुलिस पर बरसाए पत्थर और लाठियां
Raigarh Violence: पुलिस प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, दोपहर तक प्रदर्शनकारियों की संख्या लगभग 1000 तक पहुंच गई। अधिकारी लाउडस्पीकर से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे थे, तभी अचानक दोपहर करीब ढाई बजे भीड़ बेकाबू हो गई। उपद्रवियों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और पुलिस पर पत्थर व लाठियों से हमला कर दिया।
Raigarh Violence: इस हमले में तमनार थाना प्रभारी कमला पुसाम, एसडीओपी अनिल विश्वकर्मा और कई महिला आरक्षक घायल हो गए। घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
आगजनी और तोड़फोड़: एंबुलेंस से लेकर प्लांट तक को बनाया निशाना
Raigarh Violence: भीड़ का गुस्सा यहीं नहीं थमा। अनियंत्रित प्रदर्शनकारियों ने मौके पर खड़ी पुलिस की बस, जीप और एक एंबुलेंस में आग लगा दी। इसके बाद भीड़ जिंदल के कोल हैंडलिंग प्लांट (CHP) में घुस गई और वहां लगे कन्वेयर बेल्ट, ट्रैक्टरों और ऑफिस में जमकर तोड़फोड़ की। आगजनी की इस घटना में करोड़ों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
कलेक्टर-एसपी और विधायक पर भी हुआ पथराव
Raigarh Violence: हालात को संभालने के लिए रायगढ़ कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (SP) और लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन उग्र भीड़ ने उन पर भी पथराव शुरू कर दिया। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति को नियंत्रण में लेने के प्रयास जारी हैं।
प्रशासन की चेतावनी: दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
Raigarh Violence: इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। सरकारी वाहनों को फूंकने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















