
Fake Currency Racket Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से जालसाजी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक पति-पत्नी ने कर्ज से छुटकारा पाने के लिए अपराध का रास्ता चुना और यूट्यूब (YouTube) के जरिए नकली नोट छापने का ‘हुनर’ सीख लिया। पुलिस ने आरोपी दंपती को रंगे हाथ गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में जाली नोट बरामद किए हैं।
साप्ताहिक बाजारों के छोटे व्यापारियों को बनाते थे निशाना
Fake Currency Racket Chhattisgarh: रायपुर के रहने वाले इस दंपती ने ठगी के लिए दुर्ग जिले के ग्रामीण और साप्ताहिक बाजारों को चुना। इनकी रणनीति बहुत शातिर थी; ये अक्सर सब्जी विक्रेताओं और छोटे ठेले वालों से सामान खरीदते थे ताकि कम राशि के बदले में वे ₹500 का नकली नोट खपा सकें और असली पैसे वापस ले सकें।
पकड़े न जाएं इसलिए नोटों पर लगाते थे ‘मिट्टी’
Fake Currency Racket Chhattisgarh: पुलिस पूछताछ में एक हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी अरुण कुमार (50) और उसकी पत्नी राखी (40) ने बताया कि वे नए छपे नोटों पर हल्की मिट्टी लगा देते थे। ऐसा वे इसलिए करते थे ताकि नोट पुराने और चलन में लगे नजर आएं और किसी को उनके जाली होने का शक न हो।
यूट्यूब बना ‘गुरु’, ऑनलाइन मंगाई मशीन

Fake Currency Racket Chhattisgarh: एसएसपी (SSP) विजय अग्रवाल के अनुसार, दंपती पर काफी कर्ज बढ़ गया था। इसे चुकाने के लिए उन्होंने यूट्यूब पर नकली नोट बनाने के वीडियो देखे। इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन शॉपिंग साइट से एक हाई-क्वालिटी कलर फोटोकॉपी मशीन मंगवाई और रायपुर स्थित अपने घर पर ही ₹500 के नकली नोट छापना शुरू कर दिया।
ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे जाली नोटों का कारोबार
शिकायत: धमतरी के एक सब्जी विक्रेता ने रानीतराई बाजार में पुलिस को सूचना दी कि एक दंपती ने ₹60 की मिर्च-मटर खरीदकर ₹500 का संदिग्ध नोट दिया है।
हड़कंप: जैसे ही बाजार में खबर फैली, अन्य व्यापारियों ने भी अपने गल्ले चेक किए, जहाँ कई नकली नोट बरामद हुए।
गिरफ्तारी: पुलिस ने घेराबंदी कर रानीतराई बाजार से ही आरोपी दंपती को हिरासत में ले लिया।
घर की तलाशी में मिले लाखों के नकली नोट
Fake Currency Racket Chhattisgarh: पुलिस ने जब आरोपियों के रायपुर स्थित घर (सोनपैरी, मुजगहन) पर छापा मारा, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। घर से पुलिस ने:
कुल 1 लाख 70 हजार 500 रुपए के नकली नोट जब्त किए।
कलर फोटोकॉपी मशीन और नोट बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला विशेष पेपर बरामद किया।
मौके पर कई आधे छपे हुए नोट भी मिले।
सावधान रहें व्यापारी
Fake Currency Racket Chhattisgarh: पुलिस ने आम जनता और व्यापारियों से अपील की है कि वे ₹500 के नोट लेते समय सावधानी बरतें। नोट के नंबर, कागज की क्वालिटी और सुरक्षा धागे (Security Thread) की जांच जरूर करें। यदि कोई संदिग्ध नजर आए, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।



















