
Ambikapur Land Fraud: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक शख्स ने सरकारी वन भूमि को अपनी जागीर बताकर एक-दो नहीं, बल्कि 41 मासूम लोगों को बेच दिया। 14 साल तक चले इस फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब ठगी के शिकार लोगों ने पुलिस की शरण ली।
2008 से चल रहा था ठगी का खेल, लाखों का वारा-न्यारा
Ambikapur Land Fraud:पुलिस के अनुसार, आरोपी मोहम्मद राशिद ने साल 2008 से 2022 के बीच इस बड़े भूमि घोटाले को अंजाम दिया। उसने तकियापारा इलाके में स्थित सरकारी वन भूमि को अपना बताया और जमीन के टुकड़े कर लोगों को बेचना शुरू कर दिया। आरोपी ने हर खरीदार से लगभग डेढ़-डेढ़ लाख रुपये वसूले। इस तरह उसने कुल मिलाकर लाखों रुपये की ठगी की।
कम पढ़े-लिखे और मजदूरों को बनाया निशाना
Ambikapur Land Fraud:जालसाज ने बड़ी ही चालाकी से उन लोगों को अपना शिकार बनाया जो पिछले 15-20 वर्षों से अंबिकापुर में किराए के मकानों में रहकर मजदूरी या छोटे काम कर रहे थे। अपना घर होने का सपना देख रहे इन कम पढ़े-लिखे लोगों को आरोपी ने स्टाम्प पेपर पर फर्जी एग्रीमेंट कर जमीन सौंप दी। खरीदारों को भनक तक नहीं थी कि जिस जमीन के लिए वे अपनी मेहनत की कमाई दे रहे हैं, वह असल में वन विभाग की सुरक्षित भूमि है।
धमकी और सबूत मिटाने की कोशिश
Ambikapur Land Fraud:जब पीड़ितों को जमीन की असलियत पता चली और उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी मोहम्मद राशिद ने उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया। उसने खरीदारों पर दबाव बनाया कि वे मूल दस्तावेज उसे वापस कर दें। मामला तब बिगड़ा जब पीड़ित नेजारुद्दीन अंसारी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिसिया कार्रवाई: सबूत जलाए, फिर भी नहीं बचा आरोपी

Ambikapur Land Fraud:कोतवाली पुलिस ने जब जांच शुरू की और आरोपी राशिद को हिरासत में लिया, तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। पुलिस ने जब उससे जमीन के मालिकाना हक के दस्तावेज मांगे, तो वह एक भी कागज पेश नहीं कर पाया। आरोपी ने बताया कि पकड़े जाने के डर से उसने खरीदारों के साथ किए गए एग्रीमेंट और स्टाम्प पेपर की मूल प्रतियां जला दी हैं।
Ambikapur Land Fraud:अंबिकापुर पुलिस ने ठोस सबूतों और बयानों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
जमीन खरीदते समय रखें इन बातों का ध्यान
Ambikapur Land Fraud:इस घटना ने एक बार फिर लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। सरकारी या वन भूमि की खरीद-बिक्री कानूनी अपराध है। किसी भी जमीन का सौदा करने से पहले:
-
राजस्व विभाग (Patwari/Tehsildar) से जमीन का रिकॉर्ड जरूर चेक करें।
-
सिर्फ स्टाम्प पेपर पर एग्रीमेंट को ही मालिकाना हक न मानें।
-
जमीन के ‘खसरा’ और ‘बी-1’ दस्तावेजों की बारीकी से जांच करें।









