33वीं अखिल भारतीय जीवी मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप: अहमद अली चिश्ती ने छत्तीसगढ़ को दिलाया पहला रजत पदक

33वीं अखिल भारतीय जीवी मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप: अहमद अली चिश्ती ने छत्तीसगढ़ को दिलाया पहला रजत पदक
मनोज शुक्ला/रायपुर:-
रायपुर: केरल के तिरुवनंतपुरम मे 3 से 9 नवंबर तक आयोजित 33वीं अखिल भारतीय जीवी मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के निशानेबाज अहमद अली चिश्ती ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए राज्य को गौरवमयी स्थान दिलाया है। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) और केरल राज्य राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में अहमद ने 50 मीटर ओपन साइट प्रोन स्पर्धा में हिस्सा लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ के लिए रजत पदक जीता।

यह छत्तीसगढ़ के इतिहास में इस श्रेणी का पहला पदक है, जो राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ राज्य का मान बढ़ाने वाला है। अहमद अली चिश्ती, जो कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम, बलौदा बाजार में शासकीय कर्मचारी हैं, ने 5 नवंबर को हुए मैच में अपनी शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन किया और रजत पदक हासिल किया।

फोन पर हुए साक्षात्कार में अहमद ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने दोस्तों और जिला प्रबंधक नितिन दिवान को दिया, जिनके सहयोग ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में मदद की।



















