होटल में रुकने वालों को ब्लेकमेल करने वाली गैंग का गुर्गा गिरफ्तार

NCG NEWS DESK जबलपुर,। होटल में ठहरने वाले लोगों की पतासाजी कर उन्हें ब्लेकमेल करने वाली गैंग का एक और गुर्गा माढ़ोताल पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। ये पुलिस वाला बनकर ब्लेकमेल करते थे। गिरफ्तार एक और गुर्गे हनुमानताल निवासी शुभ केवट को पुलिस ने शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया था। अब तक इस गैंग के तीन सदस्य आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं। वहीं गैंग के एक फरार आरोपित खमरिया निवासी संदीप दाहिया समेत अन्य की भी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस जांच में पता चला है कि संदीप की पत्नी सरकारी कर्मी है।
क्या है मामला
कटंगी रोड में होटल रायल है। जहां 13 जून को प्रेम सागर साहू मोहल्ला निवासी अनिकेत केवट और खाई मोहल्ला हनुमानताल निवासी आर्यन राय उर्फ बाबी मराठा, शुभ केवट और संदीप दाहिया होटल पहुंचे। मैनेजर राजाराम लोधी को बताया कि वे पुलिस अफसर हैं। एक मामले की जांच का हवाला देते हुए होटल में रुकने वालों का रिकॉर्ड मांगा। मैनेजर ने आईडी, नाम पते व मोबाइल नम्बरों की जानकारी दे दी। जिसके बाद चारों आरोपी वहां से चले गए। आरोपितों ने एक युवक को फोन लगाया। यह युवक अपनी महिला मित्र के साथ होटल गया था।
आरोपिताें ने दो लाख रुपये मांगे
आरोपिताें ने उससे दो लाख रुपये की मांग की। कथित पुलिस कर्मियों ने धमकाया कि यदि वह रुपये नहीं देगा, तो इसकी जानकारी वे उसके और महिला मित्र के घर में दे देंगें। फोन कटने के बाद युवक सीधे होटल पहुंचा और मैनेजर को जानकारी लीक करने की शिकायत की। जिसके बाद पता चला कि वे असली पुलिस वाले नहीं थे। माढ़ोताल थाना प्रभारी रीना पांडे के अनुसार शुभ, आर्यन और अनिकेत को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं फरार संदीप समेत अन्य की तलाश की जा रही है।



















