23 लाख के डामरीकरण कार्य का विधायक ने करवाया शुभारंभ शहर के 60 वार्डो में कराया जा रहा है सड़कों का उन्नयन: वोरा

NCG NEWS DESK छत्तीसगढ़: वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा ने महापौर धीरज बाकलीवाल एव जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में वार्ड 36 गंजपारा में सड़क डामरीकरण कार्य का भूमिपूजन कर कार्य का शुभारंभ करवाया। वोरा ने इस दौरान आम जनों को संबोधित करते हुए कहा कि 15 वर्षो तक शहरी क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार किया गया चाहे राज्य की भाजपा सरकार रही या फिर निगम की शहरी सरकार जिला मुख्यालय को विकास के नाम पर केवल झुनझुना थमाया गया।
लेकिन जब से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने जनसेवा की जिम्मेदारी संभाली है विकास को चहुमुखी गति प्राप्त हुई है। जिला मुख्यालय में 600 करोड़ से अधिक के कार्य स्वीकृत किए हैं। 4 वर्षो में सबसे बड़े शासकीय अस्पताल का कायाकल्प कर दिया गया है साथ ही 3 दिशाओं में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 22 वार्डो में हमर क्लिनिक, मोबाइल मेडिकल यूनिट सभी स्थानों पर मुफ्त जांच उपलब्ध करा रहे हैं। जो कहा सो किया की तर्ज पर अधोसंरचना में भी शहरी क्षेत्र में लगातार करोड़ों की राशि से विकास कार्य हो रहे हैं।
आसपास के क्षेत्रों से सुगम यातायात सुविधा प्रदान करने हेतु 64 करोड़ से मुख्यमार्ग निर्माण, 54 करोड़ से पुलगांव अंजोरा, 11 करोड़ से बोरसी रूआबाँधा, 16 करोड़ से बोरसी हनोदा मार्ग, 100 करोड़ से पुलगांव अंडा मार्ग जैसे कार्यो के साथ ही शहर की आंतरिक सड़कों को धूल व प्रदूषण से मुक्त करवाने बिना किसी भेदभाव के सभी 60 वार्डो में लगभग 20 करोड़ के कार्य स्वीकृत हैं जिस कड़ी में गंजपारा में भूमिपूजन किया गया है। वोरा ने निगम अधिकारियों को बरसात आने के पहले डामरीकरण के समस्त कार्य गुणवत्ता पूर्ण व जल्द पूरा करवाने निर्देश दिए हैं। इस दौरान एमआईसी अब्दुल गनी, ऋषभ जैन समेत वार्डवासी एव निगम के अधिकारी मौजूद थे।



















