Meesho Q4 Results: ऑर्डर्स की बाढ़ से मीशो की कमाई में जबरदस्त उछाल, नतीजों के बाद शेयरों में 8% की तेजी

Meesho Q4 Results: ऑर्डर्स की बाढ़ से मीशो की कमाई में जबरदस्त उछाल, नतीजों के बाद शेयरों में 8% की तेजीई-कॉमर्स सेक्टर की दिग्गज कंपनी Meesho ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही (Q4) के शानदार नतीजे पेश किए हैं। इन नतीजों का असर सीधे कंपनी के शेयरों पर देखने को मिला, जहाँ गुरुवार को बीएसई (BSE) पर स्टॉक 8% तक चढ़कर ₹211.35 के स्तर पर पहुंच गया।
घाटे पर लगाम: ₹1,391 करोड़ से सीधे ₹166 करोड़ पर पहुंचा नुकसान
Meesho Q4 Results: मीशो के लिए सबसे बड़ी सकारात्मक खबर उसके घाटे में आई भारी गिरावट है। मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का शुद्ध घाटा (Net Loss) घटकर मात्र ₹166.34 करोड़ रह गया है। अगर पिछले साल की समान तिमाही से तुलना करें, तो तब कंपनी को ₹1,391.38 करोड़ का भारी नुकसान हुआ था। यानी कंपनी ने एक साल के भीतर अपने घाटे को लगभग खत्म करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
आय में 47% की शानदार ग्रोथ
ऑपरेशंस से होने वाली आय के मामले में भी मीशो ने सबको चौंका दिया है:
-
त्रैमासिक आय: सालाना आधार पर 47% बढ़कर ₹3,531.21 करोड़ हो गई।
-
सालाना प्रदर्शन: पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की कमाई 34% बढ़कर ₹12,626 करोड़ के पार निकल गई।
-
कुल सालाना घाटा: वित्त वर्ष 2026 में कुल घाटा ₹1,357.73 करोड़ रहा, जो पिछले साल ₹3,941.70 करोड़ था।
ग्राहकों और ऑर्डर्स की संख्या में रिकॉर्ड बढ़त
मीशो के प्लेटफॉर्म पर न केवल पुराने ग्राहक टिके हुए हैं, बल्कि नए यूजर्स भी तेजी से जुड़ रहे हैं:
-
ट्रांजैक्टिंग यूजर्स: 33% की बढ़त के साथ संख्या 26.4 करोड़ हुई।
-
कुल ऑर्डर्स: 45% की वृद्धि के साथ 2.67 अरब के आंकड़े को छू लिया।
-
NMV (Net Merchandise Value): 39% बढ़कर ₹41,560 करोड़ तक पहुंच गया।
भविष्य की रणनीति: ‘मीशो पेमेंट्स’ पर फोकस
Meesho Q4 Results: मीशो के फाउंडर और CEO विदित आत्रेय का मानना है कि भारत में ऑनलाइन शॉपिंग का बाजार अभी शुरुआती चरण में है और छोटे शहरों से आने वाली डिमांड भविष्य में इसे और बड़ा बनाएगी। इसी कड़ी में, कंपनी ने अपने पेमेंट बिजनेस को मजबूत करने के लिए ‘मीशो पेमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड’ में ₹100 करोड़ तक के निवेश को मंजूरी दी है।
ब्रोकरेज फर्म्स की क्या है राय?
नतीजों के बाद प्रमुख ब्रोकरेज हाउस ने मीशो के स्टॉक पर अपनी प्रतिक्रिया दी है:
-
JM Financial: इनका कहना है कि कंपनी की ग्रोथ और मुनाफे की स्थिति में बड़ा सुधार हुआ है। लॉजिस्टिक्स चुनौतियां अब कम हो गई हैं, हालांकि मौजूदा भाव पर शेयर में बहुत अधिक उछाल की गुंजाइश सीमित लग रही है।
-
Choice Institutional Equities: ब्रोकरेज के अनुसार, मीशो का बिजनेस मॉडल अब धीरे-धीरे स्थिरता की ओर बढ़ रहा है। कंपनी अपने यूजर्स और सेलर्स का दायरा बढ़ा रही है, जिससे मार्जिन में सुधार होगा। उन्होंने शेयर की रेटिंग को घटाकर ‘ADD’ किया है और ₹210 का टारगेट प्राइस बरकरार रखा है।
Meesho Q4 Results: शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें।









