Chhattisgarh Forest Department Raid: जंगली सूअर के मांस की अवैध बिक्री पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, रतनपुर में ग्रामीण पकड़ा गया

Ratanpur News: छत्तीसगढ़ में वन विभाग ने अवैध शिकार और वन्यजीव तस्करी पर सख्ती बढ़ा दी है। कोटा परियोजना मंडल, बिलासपुर के अंतर्गत रतनपुर के जूनाशहर क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापा मारा और 14 किलोग्राम जंगली सूअर का मांस जब्त कर लिया।
वन विभाग की सघन रेड
17 मई को रतनपुर के वार्ड नंबर 15, जूनाशहर निवासी सूरज मरावी के घर पर वन विभाग, पुलिस और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी वारंट के आधार पर की गई इस कार्रवाई में 14 किलो संदिग्ध जंगली सूअर का मांस बरामद हुआ।
वन विभाग की टीम ने पूरे मांस को मौके पर जब्त कर लिया। जब्त किए गए मांस के सैंपल को लैब परीक्षण के लिए सुरक्षित रखा गया है, जबकि बाकी मांस को भैंसाझार स्थित केंद्रीय रोपणी में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में नष्ट कर दिया गया।
Wildlife Protection Act के तहत केस दर्ज
इस मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
छत्तीसगढ़ वन विभाग का सख्त रुख
छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के प्रबंध संचालक प्रेमकुमार के निर्देश पर पूरे प्रदेश में अवैध कटाई, शिकार, अतिक्रमण और उत्खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। कोटा परियोजना मंडल, बिलासपुर के भैंसाझार परिक्षेत्र में भी नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब दिखने लगा है।
वन विभाग का साफ संदेश: जंगली जानवरों का शिकार और उनके मांस की अवैध बिक्री किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।









