अवैध मुरूम उत्खनन मामला : धड़ल्ले से चल रहा दुर्ग ग्रामीण के इस गांव में अवैध मुरुम उत्खनन

अवैध मुरूम उत्खनन मामला : धड़ल्ले से चल रहा दुर्ग ग्रामीण के इस गांव में अवैध मुरुम उत्खनन
खनिज विभाग की मौन स्वीकृति
NCG News desk Durg :-
दुर्ग । दुर्ग ग्रामीण ग्राम अछोटी में मुरम खनन का अवैध कारोबार जमकर फल-फूल रहा है। अवैध मुरुम को सरकारी निर्माण कार्यों में खपाया जा रहा है। इसकी जानकारी विभागीय अफसरों को होने के बाद भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। अंडा से चंगोरी सड़क निर्माण कार्य में ठेकेदार बाफना कंट्रक्शन मुरूम का बेजा दोहन कर रहे हैं। छोटे-छोटे किसानों को पैसे का लालच देकर उनकी जमीन को समतल करने के बहाने मुरूम निकाल रहे हैं। जिसकी ना तो कोई परमिशन है ना ही विभाग को कोई रायल्टी दी जा रही है। खनिज विभाग के अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय हाथ में हाथ धरे बैठे हुए हैं। क्षेत्र के इस गांव में ,जहां सुबह से मुरूम खनन शुरू हो जाता है जो देर रात तक चलते रहता है। खनिज विभाग के अधिकारी कुंभकर्णी की नींद में सोए हुए है, उनके द्वारा मुरूम चोरों को मौन सहमति देकर शासन को करोड़ो का चूना लगाया जा रहा है।
दुर्ग ग्रामीण के अधिकतर ग्रामों में सड़क निर्माण का कार्य जारी है। इस मार्ग में अवैध रूप से चोरी का मुरूम खपाया जा रहा है। वही खनिज माफियाओं द्वारा पर्यावरण के नियमो को ताक में रखकर खेतो को बेतरतीब ढंग से खोदकर बर्बाद किया जा रहा है। पंचायतों एवम् क्षेत्रीय प्रतिनिधि की सांठगांठ के चलते भी पंचायत के रजिस्टर में प्रस्ताव बनाकर बिना खनिज विभाग की अनुमति लिए धड़ल्ले से मुरूम निकाला जा रहा है। गांवों में जेसीबी और हाइवा से मुरम का अवैध उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा है। पूरे मामले में ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, खनिज विभाग,पुलिस थाना,परिवहन विभाग की कही न कही संलिप्तता नजर आ रही है।
बाफना कंस्ट्रक्शन द्वारा महीनो से अवैध मुरूम का उत्खनन एवम परिवहन किया जा रहा है इनके द्वारा अनेक जगहों पर रोड बनाने के नाम पर अवैध मुरूम का परिवहन किया है। अवैध मुरूम को सरकारी कार्यों में खपाकर इनके द्वारा शासन को बिल कैसे प्रस्तुत किया जाता है यह समझ से परे है। इस तरीके से खुलेआम अवैध मुरूम का उत्खनन एवम परिवहन करना खनिज विभाग से सहयोग के बिना संभव ही नहीं है। रोड ठेकेदार एवम खनिज विभाग के अधिकारियों पर अगर ईडी का छापा पड़े तो संभव है की इनके पास भी अनुपातहीन संपत्ति मिल सकती है।









