
NCG NEWS DESK BHOPAL :-
नजीराबाद थाना क्षेत्र स्थित गांव परसोरा में डीजे का वाहन ऊपर से गुजरे बिजली के तार से टकरा गया। डीजे वाहन टकराते ही करंट फैल गया और पीछे लाइट पकड़े चार किशोर झुलस गए। झुलसे किशोरों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैरसिया ले जाया गया, वहां एक किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन की हालत नाजुक बनी है और उनका भोपाल स्थित निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार संदीप लोधा पिता शिवनारायण लोधा (16) ग्राम लोधीपुरा, थाना मलावर, जिला राजगढ़ में रहता था। वह महज पांचवीं कक्षा तक पढ़ा था। बुधवार को नजीराबाद स्थित गांव परसोरा में शादी थी और संदीप लोधा यहां डीजे के पीछे चलने वाली लाइट पकड़ने के लिए आया था। उसके साथ पप्पू लोधा पिता रामबाबू लोध (15) निवासी लोधीपुरा, कृष्णपाल लोधा (11) निवासी लोधीपुरा समेत 18 साल का दीपक लोवंशी था। चारों डीजे से कनेक्ट लाइट पकड़े हुए थे।
अस्पताल पहुंचाने में हुई देरी
गांव में बारात निकल रही थी। रात करीब दस बजे के आसपास ऊपर से गुजरे बिजली के तार से डीजे वाहन की बॉडी टकरा गई। बॉडी टकराने से डीजे वाहन में करंट आ गया और लाइट पकड़े चारों बच्चे झुलस गए। डीजे वाहन के करीब होने से संदीप लोधा को करंट का तगड़ा झटका लगा था। करंट लगने से उसका माथा बांए तरफ से और पीठ पूरी झुलस गई थी। वहां मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि डीजे वाहन ऊपर से गुजरे बिजले के तार के संपर्क में आने से धमाका हुआ था और स्पार्किंग हुई। इसके बाद लाइट पकड़े चारों बच्चे गिर गए थे। उन्हें कोई पहचानता नहीं था, इसलिए करीब तीस मिनट के बाद बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अस्पताल लेकर पहुंचे थे, वहां संदीप लोधा को मृत घोषित कर दिया गया। बच्चों का वहां कोई भी रिश्तेदार नहीं था और न ही कोई पहचान वाला। केवल डीजे वाहन का चालक उन्हें पहचानता था।
ये भी पढ़े :-








